कोकराझार के गौरांग नदी तट स्थित श्मशान घाट में विद्युत शवदाह गृह का उद्घाटन
कोकराझार (असम), 02 अक्टूबर (हि.स.)। गांधी जयंती एवं स्वच्छता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कोकराझार के गौरांग नदी तट स्थित श्मशान घाट में विद्युत शवदाह गृह, कर्मचारियों के आवास तथा शोकसभा गृह का उद्घाटन किया गया।
कोकराझार श्मशान घाट में नवनिर्मित विद्युत शवदाह गृह का औपचारिक उद्घाटन बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के कार्यकारी सदस्य मुनमुन ब्रह्म ने किया। वहीं, श्मशान घाट के कर्मचारियों के आवास एवं शोकसभा गृह का उद्घाटन कोकराझार विधानसभा क्षेत्र की विधायक शिउली मोहिलारी, पार्षद धनेश्वर गयारी और पार्षद जुबिराज बसुमतारी ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में कोकराझार नगर पालिका के अध्यक्ष विष्णु नार्जारी, ‘आचर’ एनजीओ के अध्यक्ष एवं सचिव सहित स्थानीय क्षेत्र के सौ से अधिक लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने आधुनिक विद्युत शवदाह गृह को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण नागरिक सुविधा बताया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा बेहतर नागरिक सुविधाओं के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

