एसकेएसी की 32 सीटों के लिए अंतिम फोटो मतदाता सूची प्रकाशित
-1,63,966 मतदाता पंजीकृत, 337 मतदान केंद्र सूचीबद्ध
गुवाहाटी, 02 सितंबर (हि.स.)। असम सरकार द्वारा सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद (एसकेएसी) के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के बाद परिषद की सभी 32 सीटों के लिए अंतिम फोटो मतदाता सूची बुधवार को प्रकाशित कर दी गई।
अंतिम मतदाता सूची परिसीमन से संबंधित 6 सितंबर, 2024, 27 सितंबर, 2024 और 27 दिसंबर, 2024 को जारी अधिसूचनाओं के आधार पर तैयार की गई है। सूची के अनुसार, एसकेएसी की 32 सीटों में कुल 1,63,966 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 79,295 पुरुष, 84,667 महिला और चार ‘अन्य’ श्रेणी के मतदाता शामिल हैं।
अंतिम मतदाता सूची में कुल 337 मतदान केंद्र शामिल हैं। हालांकि, मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है, इसलिए इनकी संख्या में बदलाव संभव है।
फोटो रहित अंतिम मतदाता सूची संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के सर्किल ऑफिसर और ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर के कार्यालयों के अलावा नगरपालिकाओं, टाउन कमेटियों, सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों, पुलिस थानों, चाय बागानों और गांव पंचायत कार्यालयों में मतदाताओं के निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। सूची ओईआरएमएस की वेबसाइट और संबंधित जिला प्रशासन की वेबसाइटों पर भी उपलब्ध होगी।
मतदाता भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अपने ईपीआईसी नंबर के माध्यम से अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम सत्यापित कर सकते हैं। इसके अलावा, ओईआरएमएस वेबसाइट के सिटीजन कॉर्नर से संबंधित मतदान केंद्र की अंतिम मतदाता सूची डाउनलोड की जा सकती है।
निर्वाचन भागीदारी बढ़ाने और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर देने के उद्देश्य से आयोग ने नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि तक एसकेएसी मतदाता सूची में नाम शामिल करने के दावों पर विचार करने का निर्णय लिया है।
यह सुविधा उन लोगों के लिए उपलब्ध होगी, जो 1 अप्रैल, 2026 या 1 जुलाई, 2026 के संदर्भ में मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए पात्र हुए हैं, बशर्ते उनका नाम भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वर्तमान संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत प्रकाशित पूरक मतदाता सूची में शामिल हो और उनके पास वैध ईपीआईसी हो।
आयोग ने सभी पात्र नागरिकों से अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम सत्यापित करने और निर्धारित अवधि के भीतर नामांकन सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

