home page

काजीरंगा सड़क हादसे में मृत 23 में से आठ की पहचान, चालक और खलासी भी मृतकों में शामिल

 | 
काजीरंगा सड़क हादसे में मृत 23 में से आठ की पहचान, चालक और खलासी भी मृतकों में शामिल


गोलाघाट (असम), 13 नवंबर (हि.स.)। असम के काजीरंगा के रंगाजान में हुए भीषण ट्रक-ट्रैवलर हादसे में जान गंवाने वाले 23 लोगों में से अब तक आठ की पहचान हो चुकी है। मृतकों की पहचान दर्शना माझी, ज्योति माझी, अनुराग गोवाला, दीपांजलि रोंगहापी, दामिनी घटोवाल और बेबी कर्मकार के रूप में हुई है। ट्रैवलर वाहन का चालक माजिद और खलासी सुभाष भी मृतकों में शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 सीटों की क्षमता वाले ट्रैवलर वाहन में हादसे के समय 35 से अधिक यात्री सवार थे। इससे वाहन में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाए जाने की बात सामने आई है। बताया गया है कि इस ट्रैवलर वाहन पर पहले भी यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर जुर्माना लगाया जा चुका था।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वाहन ने यातायात के आठ नियमों का उल्लंघन किया था और इसे 62 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चलाया जा रहा था।

इस बीच, हादसे में घायल 10 लोगों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उपचार के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस भीषण दुर्घटना ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश