home page

असम में इस्लाम धर्मावलंबी मना रहे ईद-उल-फ़ितर का उत्सव

 | 
असम में इस्लाम धर्मावलंबी मना रहे ईद-उल-फ़ितर का उत्सव


गुवाहाटी, 21 मार्च (हि.स.)। आज पवित्र ईद-उल-फ़ितर है। पवित्र रमजान माह के मासिक रोज़ा (उपवास) के अंत में शनिवार को इस्लाम धर्मावलंबी पवित्र ईद-उल-फ़ितर मना रहे हैं। केंद्रीय हिलाल कमेटी द्वारा ईद के दिन की घोषणा होने के तुरंत बाद देश के साथ-साथ असम के कोने-कोने में भी ईद-उल-फ़ितर का उत्सव मनाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि ईद को लेकर इस्लाम धर्मावलंबी लोगों के बीच खुशी और उत्साह का माहौल देखा गया है। ईदगाह मैदान, मस्जिदों में सामूहिक नमाज का आयोजन किया गया। प्रेम–भाईचारे के संदेश के साथ एक ने दूसरे को ईद की शुभकामनाएं दी हैं। इस्लामिक कैलेंडर के दसवें महीने शाव्वाल के पहले दिन ही पवित्र ईद मनाई जाती है। सऊदी अरब, यूएई और अन्य खाड़ी देशों में 18 मार्च को ईद का चांद न दिखने के कारण उन देशों में 20 मार्च को ईद-उल-फितर मनाई गई।

इस वर्ष असम और भारत में 21 मार्च को पवित्र ईद-उल-फ़ित्र मनाई जा रही है। ईद के अवसर पर आज सुबह विभिन्न ईदगाहों में ईद की नमाज आयोजित करने की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर मस्जिद और ईदगाहों को भी सुंदर तरीके से सजाया गया है। इसी प्रकार धर्मावलंबियों के निवास स्थानों, सड़कों और घरों को भी भव्य लाइटों से सजाया गया है।

इस बीच चुनाव के मौसम के साथ-साथ यह सुनिश्चित करने के लिए कि इस उत्सव में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, जिला पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने विशेष कदम उठाए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय