असम में शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक, रिपुन बोरा पर शिक्षा मंत्री रनोज पेगू का तीखा पलटवार
गुवाहाटी, 17 नवंबर (हि.स.)। असम के गुवाहाटी स्थित खानापाड़ा स्टाफ कॉलेज में मंगलवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य पहली से लेकर बारहवीं कक्षा तक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना और राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना था।
बैठक में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने तथा बेहतर शिक्षण परिणाम सुनिश्चित करने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। इसके साथ ही शिक्षा विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए आवश्यक कदमों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के बाद शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगू ने कांग्रेस नेता रिपुन बोरा के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। रिपुन बोरा द्वारा शिक्षा मंत्री की वास्तविक मिसिंग पहचान पर सवाल उठाए जाने के संबंध में प्रतिक्रिया व्यक्त हुए पेगू ने कहा कि रिपुन बोरा ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है।
शिक्षा मंत्री ने रिपुन बोरा के बयान को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। वहीं, इस मुद्दे पर रिपुन बोरा के खिलाफ टीएमपीके (टाकाम मिसिंग पोरिन केबांग) नामक संगठन की ओर से किए गए विरोध प्रदर्शन पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया व्यक्त की।
शिक्षा मंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब रिपुन बोरा के बयान को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। खानापाड़ा में आयोजित समीक्षा बैठक का मुख्य एजेंडा हालांकि, राज्य में पहली से बारहवीं कक्षा तक शिक्षा के स्तर में सुधार लाना और स्कूली शिक्षा को मजबूत करना रहा है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

