असम चुनाव 2026 से पहले ईसीआई की अंतर-राज्यीय सीमा बैठक, तैयारियों की समीक्षा
गुवाहाटी, 24 मार्च (हि.स.)। चुनाव आयोग ने मंगलवार को 2026 के आम चुनाव और उपचुनावों से पहले अंतर-राज्यीय समन्वय को मजबूत करने और तैयारियों की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की। बैठक में चुनाव वाले राज्यों तथा उनके पड़ोसी राज्यों के मुख्य सचिव, मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के प्रमुख शामिल हुए।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्त एसएस संधू और विवेक जोशी के साथ बैठक की बैठक की अध्यक्षता करते हुए चुनाव तैयारियों, कानून-व्यवस्था की स्थिति तथा अवैध नकदी, शराब, मादक पदार्थों और हथियारों की जब्ती की समीक्षा की। यह समीक्षा राज्य में होने वाले चुनावों तथा नगालैंड और त्रिपुरा राज्यों में उपचुनावों के संदर्भ में की गई।
बैठक में चुनावी राज्यों ने अपनी तैयारियों, कानून-व्यवस्था की चुनौतियों, व्यय निगरानी और केंद्रीय एजेंसियों तथा पड़ोसी राज्यों के साथ समन्वय की स्थिति की जानकारी दी। सीमावर्ती जिलों में विशेष सतर्कता बरतने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए अंतर-राज्यीय सीमाओं को प्रभावी ढंग से सील करने पर विशेष जोर दिया गया।
निर्वाचन आयोग ने पड़ोसी राज्यों को निर्देश दिया कि वे चुनाव वाले राज्यों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें ताकि हिंसा, डर और प्रलोभन से मुक्त चुनाव सुनिश्चित किए जा सकें। साथ ही सेंट्रल बोर्ड आफ डायरेक्ट टैक्सेज, कस्टम एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट, डायरेक्टर ऑफ़ रेवेन्यू इंटेलिजेंस, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो सहित विभिन्न एजेंसियों और सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फोर्स, बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स, इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस जैसे अर्धसैनिक बलों को कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
केंद्रीय एजेंसियों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे चुनाव से पहले की अवधि में अपनी कार्रवाई तेज करें और ठोस खुफिया जानकारी के आधार पर अवैध नकदी, शराब, मादक पदार्थों और हथियारों की अधिकतम जब्ती सुनिश्चित करें। निर्वाचन आयोग ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

