home page

असम और मेघालय में एक ही दिन तीन बार डोली धरती, 4.5 तीव्रता का सबसे तेज भूकंप पूर्वी गारो हिल्स में आया

 | 
असम और मेघालय में एक ही दिन तीन बार डोली धरती, 4.5 तीव्रता का सबसे तेज भूकंप पूर्वी गारो हिल्स में आया


गुवाहाटी, 12 जुलाई (हि.स.)। असम और मेघालय में रविवार को एक ही दिन तीन बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। इनमें सबसे तेज 4.5 तीव्रता का भूकंप मेघालय के पूर्वी गारो हिल्स जिले में आया, जिसके झटके असम के कई हिस्सों और गुवाहाटी तक महसूस किए गए। हालांकि, तीनों घटनाओं में अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

सिस्मोलॉजी विभाग के अनुसार, पहला प्रमुख भूकंप दोपहर 12 बजकर 40 सेकेंड पर मेघालय के पूर्वी गारो हिल्स जिले में आया। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.5 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र जमीन से पांच किलोमीटर की गहराई में 25.609 अक्षांश और 90.765 देशांतर पर स्थित था।

भूकंप के झटके महसूस होते ही गुवाहाटी सहित असम के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के बीच कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर कई लोग अपने घरों, कार्यालयों और अन्य इमारतों से बाहर निकल आए। प्रशासन ने लोगों से शांत रहने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। फिलहाल किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

इसी क्रम में दूसरा भूकंप असम के पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले में दोपहर 12 बजकर 50 मिनट 59 सेकेंड पर दर्ज किया गया। इसकी तीव्रता 2.6 मापी गई। इसका केंद्र भी जमीन से पांच किलोमीटर की गहराई में 25.786 अक्षांश और 92.671 देशांतर पर स्थित था। कम तीव्रता होने के कारण इसका प्रभाव सीमित रहा।

इससे पहले रविवार सुबह 9 बजकर 4 मिनट 36 सेकेंड पर असम के शोणितपुर जिले में 2.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र जमीन से 16 किलोमीटर की गहराई में 26.728 अक्षांश और 92.385 देशांतर पर स्थित था। इस झटके से भी किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं मिली।

भूकंप विशेषज्ञों के अनुसार पूर्वोत्तर भारत भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। इस कारण यहां समय-समय पर हल्के और मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश