home page

गुवाहाटी में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस सख्त, रात 10 बजे के बाद तेज संगीत पर रोक,पंडालों में सीसीटीवी अनिवार्य

 | 
गुवाहाटी में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस सख्त, रात 10 बजे के बाद तेज संगीत पर रोक,पंडालों में सीसीटीवी अनिवार्य


गुवाहाटी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। असम की राजधानी गुवाहाटी में दुर्गा पूजा समारोह को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनमें ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। पुलिस ने पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।

पुलिस के दिशा-निर्देशों के अनुसार, पूजा समितियों को रात 10 बजे के बाद माइक्रोफोन के जरिए तेज संगीत बजाने की अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक पूजा समिति को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि पंडालों में पूरी रात स्वयंसेवक मौजूद रहें। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती भी अनिवार्य की गई है।

पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में पंडालों और आसपास के क्षेत्रों पर नजर रखेंगे। इसके अलावा, प्रत्येक पूजा स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है।

भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए पूजा पंडालों में पुरुषों और महिलाओं के प्रवेश तथा निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि समारोह के दौरान शराब का सेवन करते पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सड़क सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। मोटरसाइकिल चलाने वाले और पीछे बैठने वाले, दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा।

वहीं, पांडु और लचित घाट पर दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि विसर्जन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

पुलिस का कहना है कि इन दिशा-निर्देशों का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस ने पूजा समितियों और आम लोगों से सहयोग करने तथा सभी नियमों का पालन करने की अपील की है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय