home page

फकीराग्राम में दुर्गापूजा केंद्रीय समन्वय समिति का गठन

 | 

कोकराझार (असम), 04 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी शारदीय दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से फकीराग्राम क्षेत्र में केंद्रीय दुर्गापूजा समन्वय समिति का गठन किया गया। समिति के गठन को लेकर फकीराग्राम थाना परिसर में फकीराग्राम नगरपालिका के अध्यक्ष सुल्तान आलम की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न दुर्गापूजा समितियों के प्रतिनिधियों, नगरपालिका के उपाध्यक्ष प्रणव शर्मा, वार्ड पार्षदों तथा स्थानीय गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

बैठक में दुर्गापूजा के दौरान कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन तथा पूजा कार्यक्रमों के सुचारु संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सभी पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा स्थानीय प्रशासन और पुलिस के साथ सहयोग करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में गठित केंद्रीय दुर्गा पूजा समन्वय समिति में फकीराग्राम बीटीसी परिषद क्षेत्र के पार्षद एजामुल हक को अध्यक्ष तथा फकीराग्राम थाना प्रभारी अरजुन चंद्र दास को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई। कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में मोंटू डे, प्रवीर सान्याल, शीला पॉल, पीयूष चौधरी, सुरेंद्र शर्मा, जगन्नाथ ब्रह्म, समीर भद्र, दिपांकर मंडल, रेणु चंदा, कार्तिक काहर, तुलसी चक्रवर्ती और संजय सरकार सहित अन्य लोगों को शामिल किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि दुर्गापूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पूजा समितियां, स्थानीय प्रशासन, पुलिस तथा आम जनता आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। समिति की ओर से सभी पूजा समितियों एवं आम लोगों से शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ दुर्गोत्सव मनाने की अपील की गई।

प्रतिमा विसर्जन के लिए समिति गठित

दुर्गापूजा प्रतिमाओं के विसर्जन कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से बैठक में विसर्जन समिति का भी गठन किया गया। समिति में अजय तिवारी को अध्यक्ष, जबकि बापन सरकार एवं अन्ना कर्मकार को उपाध्यक्ष बनाया गया। अमिताभ साहा को महासचिव तथा प्रदीप एन. देव को सांस्कृतिक सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

विसर्जन समिति के कार्यकारिणी सदस्यों में पवित्र देबनाथ, शंकु भद्रो, किशोर मिश्रा, बिष्णु राम शर्मा, संजय चौधरी, देबाशीष पाल, सुजन देबनाथ, सुदर्शन कानू, राजीव डे, राजू सरकार, प्रदीप दत्ता, गोपाल सान्याल, अमिता डे तथा नारायण कुमार नाथ सहित अन्य लोगों को शामिल किया गया।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि दुर्गापूजा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और सौहार्द का पर्व भी है। इसलिए सभी पूजा समितियों एवं आम लोगों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गोत्सव मनाने की अपील की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा