असम के चाय श्रमिकों को 20 प्रतिशत दुर्गा पूजा बोनस, सरकारी कर्मचारियों को अतिरिक्त छुट्टी
गुवाहाटी, 24 सितंबर (हि.स.)। असम सरकार ने राज्य सरकार के स्वामित्व वाली असम टी कॉरपोरेशन लिमिटेड (एटीसीएल) के चाय बागानों में कार्यरत श्रमिकों के लिए दुर्गा पूजा के अवसर पर 20 प्रतिशत बोनस देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को कैबिनेट बैठक के बाद यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 सितंबर को हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके साथ ही एटीसीएल के चाय बागानों के श्रमिकों को भी राज्य के उन अधिकांश चाय बागानों के कर्मचारियों के समान बोनस मिलेगा, जहां प्रबंधन पहले ही 20 प्रतिशत बोनस की घोषणा कर चुका है।
डॉ. सरमा ने कहा, “राज्य के 807 चाय बागानों में से 548 ने पहले ही 20 प्रतिशत बोनस की घोषणा कर दी है। अब हमने एटीसीएल के बागानों के लिए भी यह फैसला किया है।”
मुख्यमंत्री ने राज्य के बाकी चाय बागान प्रबंधनों से भी दुर्गा पूजा के मद्देनजर श्रमिकों को 20 प्रतिशत बोनस देने की अपील की।
कैबिनेट ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए दुर्गा पूजा के दौरान एक अतिरिक्त अवकाश को भी मंजूरी दी। 17 अक्टूबर को अतिरिक्त छुट्टी घोषित की जाएगी, जिससे पूजा अवकाश 17 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक रहेगा।
डॉ. सरमा ने बताया कि इस वर्ष पूजा के दिनों में एक दिन रविवार पड़ने के कारण सामान्य तीन दिवसीय अवकाश छोटा हो जाता। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त छुट्टी देने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार अगले वर्ष अप्रैल में रंगाली बिहू के दौरान अरुणोदय योजना के लाभार्थियों के लिए इसी तरह के विशेष आवंटन की घोषणा करने की योजना बना रही है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

