home page

दुलियाजान तिहरे हत्याकांड में नया मोड़, केयरटेकर राजू दास मुख्य संदिग्ध के रूप में चिह्नित

 | 
दुलियाजान तिहरे हत्याकांड में नया मोड़, केयरटेकर राजू दास मुख्य संदिग्ध के रूप में चिह्नित


डिब्रूगढ़ (असम), 17 नवंबर (हि.स.)। असम के डिब्रूगढ़ जिले के दुलियाजान स्थित कमलाबाड़ी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस ने मकान के केयरटेकर राजू दास को हत्याकांड का मुख्य संदिग्ध चिह्नित किया है। वहीं, उसके कथित सहयोगी के रूप में अमित दास की भी पहचान की गई है, जो राजू दास की मौसी का बेटा बताया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजू दास पिछले सात वर्षों से मृतक चंद्रकांत भुइयां के घर में किरायेदार के रूप में रह रहा था और केयरटेकर का काम करता था। घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। ज्ञात हो कि बीती रात को पुलिस ने बंद कमरे से तीनों शवों को बरामद किया था।

पुलिस ने घटनास्थल पर स्निफर डॉग की मदद से जांच अभियान चलाया। इस दौरान हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाला एक लोहे का रॉड और धारदार हथियार बरामद किया गया। इसके अलावा, पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का हार्ड डिस्क भी जब्त किया है। जांच अधिकारी इन साक्ष्यों की मदद से हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने में जुटे हैं।

इस बीच, मुख्य संदिग्ध राजू दास के आपराधिक इतिहास को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। उसकी दो बहनों ने पत्रकारों को बताया कि राजू वर्ष 2020 में अपहरण के एक मामले में जेल गया था और करीब तीन महीने तक जेल में रहा था।

बहनों के अनुसार, राजू ने मकान मालिक को पिछले दो से तीन महीने का किराया भी नहीं दिया था। पुलिस अब राजू के साथ-साथ उसके कथित सहयोगी अमित दास की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश