परिवार को खत्म करने वाले दो आरोपितों को फांसी देने की मांग, दुलियाजान में जोरदार प्रदर्शन
डिब्रूगढ़ (असम), 20 नवंबर (हि.स.)। असम के डिब्रूगढ़ जिले के दुलियाजान में एक परिवार की हत्या के मामले में दो आरोपितों राजू दास और अमिर दास को फांसी की सजा देने की मांग को लेकर शुक्रवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन में बामुनगांव, डिगबोईमुख और जागुन गांवों के सैकड़ों लोग शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने दोनों आरोपितों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करते हुए नारेबाजी की। पूरे इलाके में हत्या की घटना को लेकर लोगों में आक्रोश देखा गया।
तीनों गांवों से बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने सामूहिक रूप से विरोध जताते हुए आरोपितों को मृत्युदंड देने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पीड़ित परिवार के लिए न्याय सुनिश्चित करने और मामले में कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
आरोपितों के खिलाफ सख्त सजा की मांग को लेकर दुलियाजान में लोगों का आक्रोश लगातार सामने आ रहा है।
ज्ञात हो कि दोनों आरोपितों ने चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और बेटी निहारिका भुइयां की निर्मम हत्या की थी। 18 नवंबर की शाम तीनों के शव उनके घर के अंदर से बरामद किए गए थे। चंद्रकांत भुइयां ऑयल इंडिया लिमिटेड के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

