असम के दुलियाजान तिहरे हत्याकांड में पुलिस ने कराया क्राइम सीन रीक्रिएशन
डिब्रूगढ़ असम, 19 नवंबर (हि.स.)। असम के डिब्रूगढ़ जिले के दुलियाजान में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड की जांच के सिलसिले में गुरुवार को पुलिस ने घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया। इस दौरान आरोपितों को घटनास्थल पर ले जाकर वारदात के पूरे घटनाक्रम को दोहराया गया।
पुलिस इस प्रक्रिया के जरिए हत्या की परिस्थितियों, वारदात को अंजाम देने के तरीके और घटनाओं के क्रम की पुष्टि करने में जुटी है। इससे जांचकर्ताओं को महत्वपूर्ण सुराग जुटाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि ऑनलाइन जुए में लाखों रुपये गंवाने के बाद दो आरोपितों ने कथित तौर पर लूट की बीते 16 नवंबर को खौफनाक साजिश रची थी। इस दौरान तीन लोगों की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को पूछताछ के लिए सात दिनों की हिरासत में लिया था। उनके कब्जे से कई लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण भी बरामद किए गए थे।
पुलिस क्राइम सीन रीक्रिएशन के माध्यम से आरोपितों के बयानों और अब तक जुटाए गए साक्ष्यों का मिलान कर रही है। मामले की जांच जारी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

