दुलियाजान तिहरे हत्याकांड में बड़ा खुलासा, ऑनलाइन गेमिंग में कर्ज के चलते लूट की बनाई थी योजना
डिब्रूगढ़, 17 नवंबर (हि.स.)। असम के डिब्रूगढ़ जिले के दुलियाजान में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की सोमवार को की गयी निर्मम हत्या के मामले में जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण खुलासे हुए हैं। पुलिस ने आज बताया है कि इस सिलसिले में परिवार की देखभालकर्ता राजू दास और उसके सहयोगी अमीर दास को गिरफ्तार किया है। दोनों को शिवसागर जिले के सिमलुगुड़ी रेलवे स्टेशन के पास वारदात के दूसरे दिन उस समय पकड़ा गया, जब वे अवध असम एक्सप्रेस से कोलकाता भागने की कोशिश कर रहे थे।
मृतकों की पहचान चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और बेटी निहारिका भुइयां के रूप में हुई है। सोमवार शाम उनके घर के अंदर तीनों के शव बरामद किए गए थे। चंद्रकांत भुइयां ऑयल इंडिया लिमिटेड के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे।
जांच में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, आरोपितों ने घर में प्रवेश करते ही सबसे पहले चंद्रकांत भुइयां पर हमला किया। इसके बाद रसोईघर में एलिजा भुइयां की हत्या कर दी गई, जबकि उनकी बेटी निहारिका को शयनकक्ष में मौत के घाट उतार दिया गया।
ऑनलाइन गेमिंग में नुकसान से बढ़ा कर्ज
प्रारंभिक जांच के अनुसार, ऑनलाइन गेमिंग में भारी नुकसान के कारण राजू दास और अमीर आर्थिक तंगी तथा कर्ज में डूब गए थे। बताया जा रहा है कि राजू दास ने चंद्रकांत भुइयां से भी रुपये उधार लिए थे, लेकिन वह कर्ज चुकाने में असमर्थ था।
पुलिस को संदेह है कि कर्ज चुकाने के लिए दोनों ने चंद्रकांत भुइयां के घर में लूटपाट की योजना बनाई थी। इसी योजना के दौरान कथित रूप से तीनों की हत्या कर दी गई।
आरोपितों के पास से नकदी और आभूषण बरामद
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने कथित तौर पर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनके कब्जे से सोने के आभूषण और नकदी भी बरामद किए जाने की सूचना है।
इससे पहले पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाले लोहे के रॉड और धारदार हथियार भी बरामद किए थे। सीसीटीवी फुटेज की मदद से भी पुलिस को आरोपितों की गतिविधियों का पता लगाने में सफलता मिली।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, वारदात का पूरा घटनाक्रम और अन्य संभावित संलिप्तताओं का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

