कछार में नौ करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, दो महिला तस्कर गिरफ्तार
कछार (असम), 01 जुलाई (हि.स.)। कछार पुलिस ने असम राइफल्स के सहयोग से मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बराक नदी के तोलेंग्राम घाट पर छापेमारी कर लगभग नौ करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन और याबा टैबलेट जब्त की हैं। इस कार्रवाई में दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर लखीपुर उपमंडल के पुलिस अधिकारी पृथ्वीराज राजखोवा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान मणिपुर से कछार आ रही एक मोटरबोट की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दो महिला यात्रियों के बैग से 45 साबुनदानी में छिपाकर रखी गई 535 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। हेरोइन को सूखी मिर्च के नीचे छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने अभियान के दौरान 3.5 किलोग्राम वजन की 30 हजार याबा टैबलेट भी जब्त की। बरामद मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग नौ करोड़ रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार दोनों महिलाएं मणिपुर के तामेंगलोंग जिले की निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मादक पदार्थों की खेप मणिपुर से कछार में बिक्री के लिए लाई जा रही थी। लखीपुर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच कर रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

