home page

कामरूप एक्सप्रेस से दो महिला तस्कर ड्रग्स समेत गिरफ्तार

 | 
कामरूप एक्सप्रेस से दो महिला तस्कर ड्रग्स समेत गिरफ्तार


गुवाहाटी, 29 सितंबर (हि.स.)। कामरूप एक्सप्रेस से ड्रग्स समेत दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। रेलवे पुलिस ने कामरूप एक्सप्रेस ट्रेन में आज छापेमारी कर भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। रेलवे पुलिस ने बताया है कि गुप्त सूचना के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल ने मंगलवार को डाउन कामरूप एक्सप्रेस में यह अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 1 किलो 52 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपए आंकी गई है।

आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त बिमल चंद्र दास ने बताया कि इंस्पेक्टर पवन कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ की एक टीम ने कामाख्या रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर यह अभियान चलाया। डाउन कामरूप एक्सप्रेस के स्टेशन पर पहुंचने पर, कोच संख्या 6 की सीट नंबर 78 और 79 पर बैठी दो महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उनकी तलाशी ली गई।

महिला आरपीएफ कर्मियों की मदद से की गई इस तलाशी के दौरान उनके कपड़ों के अंदर छिपाई गई ब्राउन शुगर के पैकेट बरामद हुए। इसके तुरंत बाद दोनों महिलाओं को ट्रेन से उतारकर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार की गई दोनों महिलाओं की पहचान बिहुल बसुमतारी (41) और मिजु खाकलारी (40) के रूप में हुई है।

प्राथमिक जांच से पता चला है कि उनके पास मौजूद रेलवे टिकट के अनुसार वे नगालैंड के दिमापुर से पश्चिम बंगाल के मालदा की यात्रा कर रही थीं। आरपीएफ के जांच अधिकारी इस बात की गहराई से छानबीन कर रहे हैं।

आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त बिमल चंद्र दास ने बताया कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले से जुड़े कई अन्य अहम खुलासे होने की उम्मीद है। गिरफ्तार दोनों महिलाओं से पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों महिलाओं को जीआरपी के हवाले कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर