गुवाहाटी में 262 ग्राम संदिग्ध हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
गुवाहाटी, 28 सितंबर (हि.स.)। असम पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत गुवाहाटी के सेउज नगर इलाके में एक कथित ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से सोमवार को दी। पुलिस ने उसके कब्जे से 262 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस आयुक्तालय, गुवाहाटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को उस समय पकड़ लिया, जब वह कथित रूप से मादक पदार्थ लेकर जा रहा था। बरामद पदार्थ को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मुख्यमंत्री ने असम पुलिस की मादक पदार्थों के खिलाफ अपने अभियान के तहत इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का अभियान राज्य में नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जारी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

