इटानगर कैपिटल पुलिस की स्पेशल एक्शन टीम ने ड्रग्स तस्कर को किया गिरफ्तार
इटानगर, 16 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश की इटानगर कैपिटल पुलिस की स्पेशल एक्शन टीम ने राजधानी क्षेत्र में नशीले पदार्थों के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए, बीती रात टोको संजय (27) नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिस पर ड्रग्स तस्करी एवं बेचने का आरोप है।
पुलिस टीम ने भरोसेमंद सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर बीती रात इटानगर के ईएसएस सेक्टर में तलाशी अभियान चलाया और ड्रग्स बेचने वाले एक व्यक्ति को सफलतापूर्वक पकड़ लिया।
ज्ञात हो कि पुलिस टीम का गठन हाल ही में इटानगर कैपिटल क्षेत्र में ड्रग्स की तस्करी को समाप्त करने, गाड़ियों की चोरी रोकने और अन्य संगठित आपराधिक गतिविधियों को खत्म करने के प्रयासों को तेज करने के खास मकसद से किया गया है।
यह टीम इटानगर कैपिटल रीजन के उप पुलिस अधीक्षक चमराक अरुण के नेतृत्व में और इटानगर के पुलिस अधीक्षक जुम्मर बसार की देखरेख में बनाई गई है।
अभियान के दौरान, इटानगर के ईएसएस सेक्टर में रहने वाले टोको संजय (27) को पकड़ा गया। उससे मिली जानकारी के आधार पर, पुलिस टीम ने उसके कमरे की तलाशी ली और प्लास्टिक की 27 शीशियां बरामद कीं। इसके अलावा, एक सिरिंज, एक खाली शीशी और ड्रग्स से जुड़ी अन्य चीजें भी जब्त की गईं।
तलाशी और जब्ती की पूरी कार्रवाई स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में की गई। इस मामले पर इटानगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
ड्रग्स नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए आगे की जांच चल रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून लागू करने वाली एजेंसियों का सहयोग करें और ड्रग्स तस्करी की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा करें।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

