ईस्ट सियांग जिला को नशामुक्त बनाने पर जोर
इटानगर, 27 मार्च (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के ईस्ट सियांग जिला की उपायुक्त सोनालिका जिवानी की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्तरीय नार्को समन्वय केंद्र समिति (एनसीओआरडी) की समीक्षा बैठक उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित की गई, जिसमें जिले को नशामुक्त बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
नशामुक्त ईस्ट सियांग जिला के निर्माण में समुदाय की भागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए, जिवानी ने आने वाले दिनों में पड़ोसी राज्य असम विधानसभा चुनावों के लिए आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के कार्यान्वयन के मद्देनजर अंतरराज्यीय सीमा चौकियों पर संयुक्त गश्त और जांच के लिए पुलिस और उत्पाद शुल्क विभाग द्वारा मजबूत संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिवानी ने कहा, हम समुदाय की भागीदारी के माध्यम से अधिक जागरूकता पैदा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि हमारे युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर और उज्ज्वल भविष्य के लिए हमारे सामूहिक अथक प्रयास सफल हों।
जिला के निदेशक ने ईस्ट सियांग जिला प्रशासन की परियोजना आरोहित पहल के तहत विभिन्न हितधारकों विभागों द्वारा नशामुक्ति से उबर रहे युवाओं को विभिन्न व्यवसायों में कौशल प्रदान करने में हुई प्रगति का भी आकलन किया।
निदेशक ने उस दिन आबकारी अधिनियम के तहत की गई प्रवर्तन कार्रवाइयों, एसओपी दिशा निर्देशों के अनुपालन और पंजीकरण, जिला पुलिस द्वारा वीएडीए के तहत चलाए गए मादक पदार्थों के प्रति जागरूकता अभियान और विभिन्न उपायों के कार्यान्वयन तथा विविध मुद्दों की संबंधित नोडल अधिकारियों के साथ गहन समीक्षा की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

