home page

दस दिवसीय 'नशा-मुक्त भारत अभियान' का शुभारंभ

 | 

इटानगर, 17 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के लोवर सुबनसिरी ज़िला प्रशासन ने अपने समुदायों की सुरक्षा और युवाओं को सशक्त बनाने के लिए 'नशा-मुक्त भारत अभियान' के तहत 10 दिवसीय जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। जो आगले 26 जून तक चलेगा, ज़िला-स्तरीय अभियान, नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस के मौके पर हो रहे वैश्विक प्रयासों का हिस्सा है। जिला प्रशासन द्वारा आज जारी एक बयान में बताया गया कि कार्यक्रम का शुभारंभ बीते मंगलवार को किया गया।

लोवर सुवनसीरी के उपायुक्त ओली पर्मे ने सभी विभागों के प्रमुखों और स्थानीय प्रशासनिक नेताओं से इस कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया, ताकि नशीली दवाओं के दुरुपयोग की चुनौती के खिलाफ एकजुट संस्थागत मोर्चा बनाया जा सके। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ज़िला के युवाओं के प्रति गहरी प्रतिबद्धता है, क्योंकि उन्हें समुदाय की रीढ़ और भविष्य माना जाता है। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि एक स्वस्थ, सुरक्षित और प्रगतिशील समाज बनाने के लिए इस पीढ़ी को नशीली दवाओं की लत के खतरों से बचाना बहुत ज़रूरी है।

प्रशासन परिवारों, पड़ोसियों और समुदाय के बुज़ुर्गों से अपील कर रहा है कि वे स्थानीय छात्र समूहों के साथ मिलकर काम करें ताकि यह अभियान हर घर तक पहुंच सके। अभियान की शुरुआत के मौके पर, प्रतिभागियों ने एक साथ मिलकर आधिकारिक शपथ ली। उन्होंने देश के विकास में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया और ज़िले को पूरी तरह नशा-मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

इस अभियान की शुरुआत ज़िला कार्यालय परिसर में डिप्टी कमिश्नर की अगुवाई में आधिकारिक रूप से लॉन्च, सामूहिक शपथ कार्यक्रम और हस्ताक्षर अभियान के साथ हुई।

वहीं हर दिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे जैसे 18 से 19 जून तक यह संदेश स्थानीय स्कूलों तक पहुंचाया जाएगा, जहां डॉन बॉस्को स्कूल और हिल क्वीन स्कूल के प्रिंसिपल छात्रों के लिए शपथ कार्यक्रम, हस्ताक्षर अभियान और शैक्षिक लघु फ़िल्मों की स्क्रीनिंग आयोजित करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी