इम्फाल एयरपोर्ट पर मादक ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार, कार्रवाई के दौरान हिंसा
इम्फाल, 15 अप्रैल (हि.स.)। मणिपुर की राजधानी इंफाल स्थित तुलिहाल हवाई अड्डे पर संयुक्त सुरक्षा अभियान के दौरान एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि बाद में बिष्णुपुर जिले में अनुवर्ती कार्रवाई के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर सीआईएसएफ, असम राइफल्स और मणिपुर एयरपोर्ट पुलिस की संयुक्त टीम ने मोइरांग उपमंडल के क्वाक्टा क्षेत्र निवासी मोहम्मद साबिर अहमद को हिरासत में लिया। उसके चेक-इन बैग की जांच के दौरान छह कंटेनरों में छिपाकर रखी गई लगभग 6.74 किलोग्राम (कंटेनर सहित) संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की गई। आरोपित और जब्त सामग्री को सिंगजामेई पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया, जहां मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने बिष्णुपुर जिले के क्वाक्टा क्षेत्र में हथियार और गोला-बारूद के छिपे जखीरे की जानकारी दी। इस सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने तुरंत वहां के लिए रवाना होकर अभियान शुरू किया।
बाद में थिनुंगई क्षेत्र के पास सुरक्षा बलों की टीम को स्थानीय लोगों ने रोक दिया। अफवाहों के फैलने के कारण बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और सुरक्षा बलों के वाहनों की आवाजाही बाधित कर दी।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब भीड़ के कुछ तत्व हिंसक हो उठे। उन्होंने सुरक्षा बलों से जुड़े दो वाहनों को क्षतिग्रस्त कर आग के हवाले कर दिया। कुछ लोगों द्वारा सुरक्षा कर्मियों को रोकने का प्रयास भी किया गया।
हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए गए और न्यूनतम् बल प्रयोग करते हुए आंसू गैस के सहारे भीड़ को तितर-बितर किया गया। घटना के दौरान कुछ नागरिक घायल हुए, जिन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सहायता प्रदान की गई।
इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आज बताया कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है।
क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए बाद में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

