नशे के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, कथित ड्रग्स तस्कर के घर में तोड़फोड़
नगांव (असम), 03 जून (हि.स.)। असम के नगांव जिले के हेरापति-तनपारा क्षेत्र में बुधवार को नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए एक कथित ड्रग्स तस्कर के घर में तोड़फोड़ की, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
प्रदर्शनकारियों ने शमसुल हक नामक व्यक्ति पर क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार का संचालन करने का आरोप लगाया। आक्रोशित भीड़ ने उसके आवास को निशाना बनाते हुए व्यापक क्षति पहुंचाई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार पुलिस को क्षेत्र में नशे के कारोबार और इससे जुड़े लोगों के खिलाफ शिकायतें दी थीं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि नशे की समस्या के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और प्रशासन की कथित निष्क्रियता के चलते लोगों में असंतोष लगातार बढ़ रहा था। इसी नाराजगी के बीच लोगों ने विरोध प्रदर्शन को उग्र रूप दे दिया।
उल्लेखनीय है कि नगांव जिले में हाल के महीनों में नशे के खिलाफ जनाक्रोश की कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले मोखखुली क्षेत्र में भी लोगों ने कथित नशा कारोबारियों और नशेड़ियों के घरों में तोड़फोड़ की थी। वहीं, डाकोवाल क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध ड्रग्स ओवरडोज से मौत के बाद भी स्थानीय लोगों ने कथित नशा अड्डों को ध्वस्त कर दिया था।
घटना के बाद प्रशासन ने हेरापति-तनपारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। हालांकि, अंतिम समाचार मिलने तक पुलिस की ओर से इस मामले में किसी की गिरफ्तारी या आधिकारिक बयान की पुष्टि नहीं की गई थी।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

