ड्रग्स माफिया ने डिमा हसाओ के पुलिस अधिकारी की सुनियोजित तरीके से हत्या की: मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 17 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि डिमा हसाओ जिले के लाइसोंग पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी नवजीत दास की ड्रग्स माफिया ने सुनियोजित तरीके से हत्या की थी। मुख्यमंत्री आज संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में पुलिस के पास विश्वसनीय जानकारी है और घटना की तेजी से जांच जारी है। उन्होंने कहा कि ड्रग्स माफिया द्वारा पुलिस अधिकारी को वाहन से कुचलकर हत्या किए जाने की घटना यह साबित करती है कि ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई में सरकार के सामने कितनी बड़ी चुनौती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले के मास्टरमाइंड सेलिमुद्दीन इस्लाम को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा, “हम ड्रग्स के खिलाफ सामने से लड़ रहे हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे।”
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर उन्हें दी गई हत्या की धमकी पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि असम पुलिस उन्हें पूरी सुरक्षा देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की धमकियां समय-समय पर आती रहती हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

