home page

मार्घेरिटा में ड्रग्स के खिलाफ पुलिस का अभियान

 | 
मार्घेरिटा में ड्रग्स के खिलाफ पुलिस का अभियान


तिनसुकिया (असम), 01 मई (हि.स.)। तिनसुकिया जिले के मार्घेरिटा क्षेत्र में पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ एक बड़े अभियान को अंजाम देते हुए कुख्यात ड्रग्स माफिया चंदन दास उर्फ नल को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लंबे समय से क्षेत्र में चल रहे नशीले पदार्थों के कारोबार पर लगाम लगाने के उद्देश्य से की गई।

पुलिस ने आज बताया कि आरोपित के कब्जे से ड्रग्स के साथ-साथ सात लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की गई है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन, एक सोने की चेन और ड्रग्स के कारोबार से जुड़े अन्य आपत्तिजनक सामान भी जब्त किए गए हैं।

इस मामले में पुलिस ने चंदन दास की मां पुतुली दास को भी हिरासत में लिया है। उन पर भी ड्रग्स के अवैध व्यापार में संलिप्त होने का आरोप है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित लंबे समय से मार्घेरिटा क्षेत्र में ड्रग्स का अवैध कारोबार चला रहा था। मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश