home page

श्रीभूमि में 6.4 करोड़ रुपये की मादक पदार्थों की खेप जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
श्रीभूमि में 6.4 करोड़ रुपये की मादक पदार्थों की खेप जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार


गुवाहाटी, 11 जून (हि.स.)। असम पुलिस ने राज्य में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए श्रीभूमि जिले में लगभग 6.4 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में दो कथित तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि नशीले पदार्थों के तस्करों ने अपनी किस्मत आजमाने की कोशिश की, लेकिन असम पुलिस ने उनके मंसूबों को विफल कर दिया। उन्होंने बताया कि “असम अगेंस्ट ड्रग्स” अभियान के तहत चलाए गए ताजा अभियान में यह बड़ी बरामदगी हुई है।

पुलिस के अनुसार, श्रीभूमि पुलिस ने 20,000 याबा टैबलेट तथा 14,100 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 6.4 करोड़ रुपये आंकी गई है।

अभियान के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान तथा नशीले पदार्थों के स्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का “असम अगेंस्ट ड्रग्स” अभियान पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती रहेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश