home page

कछार में नशे के खिलाफ कार्रवाई: पांच मामलों में 9 गिरफ्तार, 85.01 लाख के मादक पदार्थ जब्त

 | 
कछार में नशे के खिलाफ कार्रवाई: पांच मामलों में 9 गिरफ्तार, 85.01 लाख के मादक पदार्थ जब्त


कछार (असम), 06 अगस्त (हि.स.)। कछार पुलिस ने 04 से 06 अगस्त, 2026 के बीच मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान में एनडीपीएस अधिनियम के तहत पांच मामले दर्ज कर नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान दो वाहनों को भी जब्त किया गया।

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 242.08 ग्राम हेरोइन, 1.2 किलोग्राम गांजा तथा 9,000 याबा टैबलेट बरामद किए गए। जब्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 85.01 लाख रुपये आंकी गई है।

सिलचर थाना के दो अलग-अलग मामलों में अनुवारा, सुफिया और सेताब उद्दीन को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 86.07 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

बरखोला थाना पुलिस ने प्रसेनजीत, कोंथाउजाम नंगथोइबा और केएसएच पीटर को गिरफ्तार कर 6.41 ग्राम हेरोइन जब्त की।

एक अन्य मामले में सिलचर थाना पुलिस ने सौरव को गिरफ्तार कर उसके पास से 1.2 किलोग्राम गांजा बरामद किया।

वहीं, जिरीघाट थाना पुलिस ने सज्जादुल आलम और रजाउल करीम को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 149.6 ग्राम हेरोइन तथा 9,000 याबा टैबलेट बरामद किए।

पुलिस ने सभी मामलों में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश