गोसाईगांव हाट रेलवे स्टेशन का डीआरएम ने किया विस्तृत निरीक्षण
कोकराझार (असम), 24 सितम्बर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के अलीपुरद्वार मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) देवेंद्र सिंह ने गुरुवार को गोसाईगांव हाट रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन की परिचालन व्यवस्था, यात्री सुविधाओं तथा विभिन्न आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस क्रम में नए स्टेशन मास्टर कक्ष, पैनल रूम तथा यात्री सुविधाओं से संबंधित निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
डीआरएम ने गोसाईगांव हाट स्टेशन के गुड्स यार्ड का भी निरीक्षण किया और स्टेशन के री-मॉडलिंग कार्य के साथ-साथ गुड्स यार्ड की ओर रेलवे की विभिन्न परिसंपत्तियों एवं क्षेत्र में चल रहे कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों से उन्होंने कार्यों की प्रगति तथा संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
स्टेशन निरीक्षण से पहले डीआरएम ने अलीपुरद्वार जंक्शन से गोसाईगांव हाट रेलवे स्टेशन तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भी किया। इस दौरान रेलखंड में रेलवे ट्रैक, पुलों, ओवरहेड विद्युत प्रतिष्ठानों तथा अन्य रेलवे परिसंपत्तियों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेलखंड में परिचालन दक्षता, आधारभूत संरचनाओं के रखरखाव तथा यात्री सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करना था, ताकि क्षेत्र में सुरक्षित, सुचारु और विश्वसनीय रेल सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

