home page

अलीपुरद्वार मंडल में डीआरएम ने किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण, सुरक्षा एवं रेल परिसंपत्तियों का लिया जायजा

 | 

कोकराझार (असम), 04 सितम्बर (हि.स.)। अलीपुरद्वार मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) देवेंद्र सिंह ने अलीपुरद्वार जंक्शन से डोमोहानी, माथाभांगा एवं न्यू कूचबिहार होते हुए न्यू माल जंक्शन तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलखंड में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैक एवं रेलवे परिसंपत्तियों के रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया।

डीआरएम के साथ वरिष्ठ मंडल अभियंता (सिनियर डीईएन), वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सिनियर डीसीएम), वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सिनियर डीओएम), वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता (सिनियर डीएसटीई), सिनियर डीईई/जी एंड सीएचजी, डीएससी सहित अलीपुरद्वार मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान रेल पटरियों, ओएचई प्रतिष्ठानों, हाथी कॉरिडोर तथा रेल सुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। डीआरएम ने रेलवे बुनियादी ढांचे के उचित रखरखाव और परिचालन सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लाटागुड़ी एवं डोमोहानी स्टेशनों पर डीआरएम ने स्टेशन मास्टर के पैनल रूम, रिले रूम तथा अन्य सिग्नलिंग प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, डीआरएम ने डोमोहानी स्थित आरपीएफ प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं, बैरक, परेड ग्राउंड, मेस एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से बातचीत कर प्रशिक्षण व्यवस्था, सुविधाओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम सिंह ने रेलवे परिसंपत्तियों के बेहतर रखरखाव, यात्री एवं परिचालन सुरक्षा तथा कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को निरंतर सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा