आपसू की मांग पर ड्राफ्ट तैयार, राज्य कैबिनेट की मंज़ूरी का इंतज़ार
इटानगर, 10 अगस्त (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के हाई पावर कमेटी के चेयरमैन न्याटो डुकाम ने कहा कि 'ऑल अरुणाचल प्रदेश स्टूडेंट्स यूनियन' (आपसू) की मांगों के अनुसार, 80:20 नौकरी आरक्षण व्यवस्था को खत्म करने से जुड़ा ड्राफ्ट तैयार है और अब राज्य कैबिनेट की मंज़ूरी का इंतज़ार है।
आज इटानगर के सिविल सचिवालय में अखिल अरुणाचल प्रेदश छात्र संघ के सदस्यों और विशेष आमंत्रित प्रतिनिधियों के साथ हाई-पावर कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए न्याटो डुकाम ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि आज उनकी मांगों पर बहुत अच्छी चर्चा हुई; राज्य सरकार बातचीत और राउंड-टेबल चर्चा के ज़रिए मामलों को सुलझाने में विश्वास रखती है।
80:20 नौकरी आरक्षण व्यवस्था को खत्म करने और अन्य मुद्दों पर चल रही प्रक्रिया अब एक अहम चरण में पहुंच गई है; ड्राफ्ट प्रपोज़ल तैयार है और राज्य कैबिनेट से अंतिम मंज़ूरी का इंतज़ार है।
उन्होंने यह भी बताया कि ड्राफ्ट में हमने 'शेड्यूल ट्राइब सर्टिफिकेट', 'परमानेंट रेजिडेंस सर्टिफिकेट' और स्थानीय भाषा को 'अरुणाचल प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन कंबाइंड कॉम्पिटिटिव परीक्षा' के लिए अनिवार्य करने का प्रावधान भी शामिल किया है।
इसके अलावा, उन्होंने आपसू से अपील की कि विरोध-प्रदर्शन या बंद बुलाने के बजाय हमें बातचीत पर भरोसा करना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

