home page

मिसिंग स्वायत्त परिषद की 40 सीटों के लिए प्रारूप फोटो मतदाता सूची प्रकाशित

 | 
मिसिंग स्वायत्त परिषद की 40 सीटों के लिए प्रारूप फोटो मतदाता सूची प्रकाशित


गुवाहाटी, 20 अगस्त (हि.स.)। मिसिंग स्वायत्त परिषद की सभी 40 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रारूप फोटो मतदाता सूची 19 अगस्त को प्रकाशित कर दी गई। गुरुवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह सूची प्रकाशित की गई है।

प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार, 40 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 6,53,722 मतदाता हैं। इनमें 3,26,566 पुरुष, 3,27,153 महिलाएं और तीन अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। इन निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,030 मतदान केंद्र हैं।

प्रारूप मतदाता सूची संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास अधिकारी, नगर निकाय, नगर समितियों, उप-पंजीयक कार्यालयों, पुलिस थानों, चाय बागानों और ग्राम पंचायत कार्यालयों में उपलब्ध रहेगी। सूची ऑनलाइन भी उपलब्ध कराई गई है। मतदाता अपने निर्वाचन फोटो पहचान पत्र संख्या के माध्यम से अपना नाम सत्यापित कर सकते हैं और संबंधित मतदान केंद्र की प्रारूप सूची डाउनलोड कर सकते हैं।

3 सितंबर तक दावे और आपत्तियां

प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किसी नाम या जानकारी के संबंध में 3 सितंबर, 2026 तक दावे और आपत्तियां दाखिल की जा सकती हैं। इसकी प्रक्रिया की जानकारी संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी या जिला प्रशासन से प्राप्त की जा सकती है।

आगामी मिसिंग स्वायत्त परिषद चुनाव में अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने 1 जनवरी, 2026 के बाद पात्र हुए लोगों के नाम शामिल करने के दावों पर भी विचार करने का निर्णय लिया है।

1 अप्रैल, 2026 या 1 जुलाई, 2026 को संबंधित पात्रता तिथि मानते हुए, भारत निर्वाचन आयोग की पूरक मतदाता सूची में शामिल और वैध निर्वाचन फोटो पहचान पत्र रखने वाले पात्र व्यक्तियों के नाम मिसिंग स्वायत्त परिषद की मतदाता सूची में शामिल करने के दावों पर विचार किया जाएगा।

आयोग ने सभी पात्र नागरिकों से अपने नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक दावा प्रस्तुत करने तथा आगामी मिसिंग स्वायत्त परिषद चुनाव को अधिक समावेशी और सहभागी बनाने में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश