home page

बीटीसी की तीन सीटों के लिए मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित

 | 
बीटीसी की तीन सीटों के लिए मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित


गुवाहाटी, 07 नवंबर (हि.स.)। असम राज्य निर्वाचन आयोग ने शनिवार को बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) के तीन निर्वाचन क्षेत्रों 15-काजलगांव (एसटी), 26-दरंगाजुली (एसटी) और 40-रौता (एसटी) की मसौदा फोटो मतदाता सूची प्रकाशित कर दी।

प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची के अनुसार, 15-काजलगांव निर्वाचन क्षेत्र में कुल 63,240 मतदाता हैं। इनमें 30,942 पुरुष और 32,298 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं, 26-दरंगाजुली निर्वाचन क्षेत्र में कुल 68,431 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जिनमें 34,221 पुरुष और 34,210 महिला मतदाता हैं।

इसी तरह, 40-रौता निर्वाचन क्षेत्र में कुल 87,913 मतदाता हैं। इनमें 44,187 पुरुष और 43,726 महिला मतदाता शामिल हैं।

आयोग द्वारा 15 अक्टूबर, 2026 को जारी अधिसूचना संख्या एसईसी.39/2025/42 के तहत मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित की गई है।

मसौदा मतदाता सूची की प्रतियां संबंधित अंचल अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, नगरपालिकाओं, नगर समितियों, उप-पंजीयक कार्यालयों, पुलिस थानों, चाय बागानों, गांव पंचायतों और ग्राम परिषद विकास समितियों के कार्यालयों में उपलब्ध रहेंगी।

इसके अलावा, मतदाता आयोग के ओईआरएमएस पोर्टल तथा संबंधित जिला प्रशासन की वेबसाइटों पर भी सूची देख सकते हैं।

मतदाता भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अपने मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) नंबर के माध्यम से अपना नाम जांच सकते हैं। इसके अलावा, संबंधित मतदान केंद्र की मसौदा मतदाता सूची भी डाउनलोड की जा सकती है।

मसौदा मतदाता सूची में दर्ज नामों और अन्य विवरणों को लेकर दावे एवं आपत्तियां 21 नवंबर, 2026 तक जमा की जा सकेंगी। इसके लिए संबंधित निर्वाचन अधिकारी (आरओ), सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) अथवा जिला प्रशासन से संपर्क किया जा सकता है। दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने के निर्धारित प्रपत्र संबंधित आरओ और एआरओ कार्यालयों के साथ-साथ जिला प्रशासन एवं असम राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइटों पर भी उपलब्ध हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश