गौहाटी विश्वविद्यालय में व्याख्यानमाला आयोजित
गुवाहाटी, 12 नवंबर (हि.स.)। गौहाटी विश्वविद्यालय के फणीधर दत्त सभागार में विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के पूर्व छात्र, प्रख्यात वैज्ञानिक एवं लेखक डॉ. रुबुल माउत का 'विज्ञान से समाज तक: जिम्मेदारी और सपनों की एक राह' शीर्षक से एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। इस व्याख्यान में उन्होंने विज्ञान, मानवता, सामाजिक उत्तरदायित्व और जीवन के लक्ष्य के संबंध में गहन और प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए।
अपने संबोधन में डॉ. माउत ने कैंसर से संबंधित एक पत्र से मिली प्रेरणा को याद करने के साथ-साथ 'माउत ने लैब' के अनुभव और अपनी कार्ययात्रा की विभिन्न उल्लेखनीय कहानियों को साझा किया। उन्होंने विचार व्यक्त किया कि विज्ञान का वास्तविक उद्देश्य केवल नए ज्ञान का सृजन करने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उस ज्ञान को मानव कल्याण और समाज के विकास के लिए उपयोग करने में निहित है।
उन्होंने उल्लेख किया कि, “विज्ञान की यात्रा केवल खोज और नवाचार की यात्रा नहीं है। यह मानवता, कर्तव्यबोध और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भी एक यात्रा है। मानवीय मूल्यों को अक्षुण्ण रखते हुए भौतिक विज्ञान, गणित और अन्य ज्ञान के माध्यम से हमें अपने जीवन को सार्थक बनाना होगा।”
गौहाटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर ननी गोपाल महंत ने डॉ. रुबुल माउत की गौरवशाली कार्ययात्रा, वैज्ञानिक अनुभव व कृतित्व व योगदान और उपलब्धियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “डॉ. रुबुल माउत की कार्ययात्रा और सफलता हमारे लिए गर्व का विषय है। उनके अनुभव, चिंतन और ज्ञान से हमारे विद्यार्थी और शोधार्थी अत्यंत लाभान्वित होंगे। हमें आशा है कि आने वाले दिनों में वे गौहाटी विश्वविद्यालय के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहेंगे।”
उक्त कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर उत्पल शर्मा, विभिन्न विभागों के प्राध्यापक, शोधार्थी और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

