पारिवारिक विवाद का खौफनाक अंत, पत्नी की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या
कामरुप (असम), 04 नवम्बर (हि.स.)। कामरूप (ग्रामीण) जिले रंगिया में पारिवारिक विवाद ने एक दर्दनाक और खौफनाक रूप ले लिया। पत्नी की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद आरोपित पति द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। इस दोहरी मौत की घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना बीती मध्य रात्रि को रंगिया के कनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़डोंगा बटाकुची गांव के इस्लामपुर मोहल्ले में हुई। आरोप है कि इमदाद अली ने अपने ही घर में सो रही पत्नी माबियारा बेगम पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपित पति इमदाद अली ने घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर कलमनी गांव में आत्महत्या कर लिया।
प्रारंभिक तौर पर इस घटना के पीछे पारिवारिक विवाद को कारण माना जा रहा है। हालांकि, हत्या और आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस दर्दनाक घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
एक ही परिवार में हुई इन दो मौतों से क्षेत्र में मातम फैल गया है। पारिवारिक कलह के ऐसे भयावह अंजाम ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

