home page

दीपावली के उल्लास के बीच असम में आग की कई घटनाएं, कई मकान और दुकानें जलकर राख

 | 
दीपावली के उल्लास के बीच असम में आग की कई घटनाएं, कई मकान और दुकानें जलकर राख


गुवाहाटी, 09 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के उत्सव के बीच असम के विभिन्न हिस्सों में रविवार रात आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं में कई मकान, गोदाम और अन्य संपत्तियां जलकर राख हो गईं। तामुलपुर में आग बुझाने की कोशिश के दौरान दो युवक झुलस गए।

तामुलपुर के तीनिपुखुरी इलाके में स्वपन दास के आवास में रात को भीषण आग लग गई। इस दौरान रसोई गैस का एक सिलेंडर में विस्फोट होने और एक मोटरसाइकिल पूरी तरह जल गई। आग बुझाने की कोशिश में स्थानीय दो युवक दीपक दास और अजगर अली झुलस गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। सूचना मिलने पर दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। विधायक धर्मेश्वर राय भी रात में घटनास्थल पर पहुंचे।

इसी तरह सिलचर के रंगपुर इलाके में व्यवसायी सुमन धर के किराये के गोदाम में आग लग गई। आशंका जताई जा रही है कि आतिशबाजी की चिंगारी से आग लगी।

दीपावली की रात जुरिया में भी भीषण आग लगने की घटना सामने आई। हालांकि, इस घटना में हुए नुकसान का विस्तृत ब्योरा तत्काल नहीं मिल सका।

वहीं, क्षेत्री के नुवागांव में आग लगने से एक आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। दमकल की टीम मौके पर पहुंची।

सरूपथार में भी शिशिर दे नामक व्यक्ति का आवास आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गया। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

इसके अलावा माजुली के नया बाजार में गणेश दे के सात किराये के मकान आग में जलकर राख हो गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश