राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 28 जून को: कोकराझाड़ में तैयारियों की समीक्षा, हर पात्र बच्चे तक पहुंचने पर जोर
कोकराझार (असम), 18 जून (हि.स.)। आगामी राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस (एनआईडी) को सफलतापूर्वक आयोजित करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला आयुक्त कार्यालय, कोकराझार के सम्मेलन कक्ष में जिला टास्क फोर्स (डीटीएफ) की दूसरी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती ने की, जिसमें अभियान की अंतिम माइक्रो प्लानिंग एवं तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की रणनीति एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अभियान के तहत जिले के पांच वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी।
जिला माइक्रो प्लान के अनुसार अभियान का संचालन बालाजन बीपीएचसी, डोटमा बीपीएचसी, काचुगांव बीपीएचसी, गोसाईगांव बीपीएचसी, गोसाईगांव शहरी क्षेत्र तथा कोकराझार शहरी क्षेत्र में किया जाएगा। जिले की अनुमानित जनसंख्या 10,17,183 है, जिसमें 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 1,21,269 बच्चों तथा करीब 1,91,921 परिवारों को अभियान के दायरे में लाया जाएगा।
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए 331 एएनएम एवं एमपीएचडब्ल्यू टीकाकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जबकि विभिन्न स्तरों पर 2,560 से अधिक कर्मी अपनी सेवाएं देंगे। जिले भर में कुल 667 टीकाकरण बूथ स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा ट्रांजिट टीमों एवं घर-घर जाकर टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि कोई भी पात्र बच्चा अभियान से वंचित न रह जाए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय, सूक्ष्म योजना और जन सहभागिता को अभियान की सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं हितधारकों से आपसी सहयोग के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाई जा सके।
उन्होंने जिले में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर देते हुए व्यापक जनजागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे टीकाकरण के प्रति लोगों का विश्वास और कवरेज दोनों में वृद्धि हो सके।बैठक में अतिरिक्त जिला आयुक्त (स्वास्थ्य), संयुक्त स्वास्थ्य सेवा निदेशक, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण), जिला प्रतिरक्षण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

