home page

कोकराझार में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा

 | 
कोकराझार में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा


कोकराझार में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा


-जिला टास्क फोर्स की बैठक में 14 वर्षीय बालिकाओं को निःशुल्क टीका देने पर जोर

कोकराझार (असम), 26 फरवरी (हि.स.)। जिले में आगामी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर आज जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती की अध्यक्षता में आज जिला आयुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में प्रथम जिला टास्क फोर्स (डीटीएफ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं और रणनीति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. डी भोवाल ने पॉवर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से कार्यक्रम की रूपरेखा, लक्ष्य समूह तथा लॉजिस्टिक व्यवस्था की जानकारी दी। इसके उपरांत प्रखंडवार तैयारियों की समीक्षा की गई। डॉ. भोवाल ने अवगत कराया कि भारत सरकार की पहल के तहत 14 वर्ष की सभी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर विश्व स्तर पर महिलाओं में चौथा सबसे सामान्य कैंसर है, जबकि भारत में यह दूसरा सबसे सामान्य कैंसर माना जाता है।

कार्यक्रम के अंतर्गत पात्र 14 वर्षीय बालिकाओं, विशेषकर आधार कार्ड धारकों को ‘गार्डासिल-4 (क्वाड्रिवैलेंट)’ टीका निःशुल्क लगाया जाएगा। प्रारंभिक रूप से यह अभियान तीन माह की अवधि के लिए संचालित किया जाएगा, जिसे प्रतिक्रिया और कवरेज के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है। प्रत्येक टीकाकरण सत्र स्थल पर एक चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। टीकाकरण उपरांत प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा तथा प्रत्येक लाभार्थी की पहचान और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए बाएं हाथ की तर्जनी उंगली पर चिह्न अंकित किया जाएगा।

बैठक के समापन अवसर पर जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान महिला केंद्रित एक महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य पहल है और सभी संबंधित विभागों एवं हितधारकों को अधिकतम कवरेज सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक संकोच या भ्रांतियां इस अभियान में बाधा नहीं बननी चाहिए। जागरूकता और व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने असम राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एएसआपएलएम) के साथ समन्वय स्थापित करने का सुझाव दिया।

बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित ।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा