बाढ़ प्रभावित जयरापार में किसानों के बीच उन्नत किस्म के नुमाली धान के बीजों का वितरण
शिवसागर (असम), 19 अगस्त (हि.स.)। शिवसागर जिले में हाल में आई विनाशकारी बाढ़ से कृषि भूमि और धान की फसल को हुए नुकसान के बाद प्रभावित किसानों को राहत देने के उद्देश्य से बुधवार को जयरापार में उन्नत किस्म के नुमाली धान के बीज वितरित किए गए।
भारतीय किसान संघ (भाकिसं), तेजपुर के तत्वावधान में और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), खेलुवा खंड के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में जयरापार, कोवामरा संदिकै, निमाइजान, बाढ़ैटिंग, नंबर-2 चाउलकरा और बानमुख गांवों के कुल 72 किसानों के बीच छह क्विंटल उन्नत किस्म के नुमाली धान के बीज वितरित किए गए।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खेलुवा खंड के विभिन्न कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली और उन्हें दोबारा कृषि कार्य शुरू करने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि हाल की बाढ़ में क्षेत्र के कई किसानों की धान की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है। ऐसे में उन्नत किस्म के धान के बीज उपलब्ध कराए जाने से प्रभावित किसानों को दोबारा खेती शुरू करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
किसानों ने इस पहल की सराहना करते हुए भाकिसं और आरएसएस के प्रति आभार जताया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

