गुवाहाटी से दुबई और अबूधाबी के लिए शुरू होगी सीधी उड़ान सेवा
गुवाहाटी, 22 जून (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को सोशल मीडिया के माध्यम से घोषणा की कि आगामी 4 अगस्त से गुवाहाटी से दुबई और अबूधाबी के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह नई अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी असम के व्यापार, निवेश, पर्यटन और वैश्विक संबंधों को नई गति प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यूरोपीय संघ (ईयू) के सदस्य देशों द्वारा असम के लिए जारी यात्रा परामर्श हटाए जाने के कुछ ही दिनों बाद यह महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया द्वारा संचालित इन नॉन-स्टॉप उड़ानों के शुरू होने से गुवाहाटी हवाई अड्डा अब संयुक्त अरब अमीरात, थाईलैंड, सिंगापुर और भूटान सहित चार देशों से सीधे जुड़ जाएगा।
डॉ. सरमा ने कहा कि यह कदम गुवाहाटी को दक्षिण-पूर्व एशिया का एक प्रमुख यात्रा और ट्रांजिट केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा प्रोत्साहन देगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उनकी अगली प्राथमिकता गुवाहाटी से वियतनाम के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू करना है।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को असम की विश्व से बढ़ती सहभागिता का महत्वपूर्ण अध्याय बताते हुए कहा कि नई उड़ानें राज्य के विकास और समृद्धि के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेंगी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

