डिमा हसाओ को असम का पर्यटन स्वर्ग बनाया जाएगा: अजंता नेओग
डिमा हसाओ (असम), 27 सितंबर (हि.स.)। असम की पर्यटन मंत्री अजंता नेओग ने रविवार को कहा कि डिमा हसाओ को राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विकसित कर असम का पर्यटन स्वर्ग बनाने की दिशा में सरकार काम करेगी। उन्होंने उमरांग्सो को “पूर्वोत्तर का स्विट्जरलैंड” बताते हुए क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को रेखांकित किया।
मंत्री ने डिमा हसाओ के न्यू तामबुंग गोल्फ कोर्स में पर्यटन विभाग और डिमा हसाओ पर्यटन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विश्व पर्यटन दिवस-2026 समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने असम पर्यटन के लिए पांच वर्षीय मास्टर प्लान तैयार करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि योजना के तहत नए पर्यटन स्थलों को विकसित करने के साथ मौजूदा पर्यटन सर्किट को मजबूत किया जाएगा।
नेओग ने कहा कि अगले पांच वर्षों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में कई पर्यटन सर्किट विकसित किए जाएंगे। इनमें बुनियादी ढांचे, बेहतर संपर्क व्यवस्था और एक-दूसरे से कई पर्यटन स्थलों को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन के विकास के लिए बेहतर कनेक्टिविटी, मजबूत कानून-व्यवस्था और अनुकूल सरकारी नीतियां आवश्यक हैं। सरकार राज्य के पर्यटन स्थलों की संभावनाओं को सामने लाने के लिए अधिक प्रभावी पर्यटन नीति तैयार करने पर भी काम करेगी।
उन्होंने कहा कि पर्यटन की कोई निश्चित परिभाषा नहीं है और प्रत्येक क्षेत्र की विशिष्ट विशेषताओं को उचित योजना, नवाचार और स्थानीय समुदाय की भागीदारी के माध्यम से पर्यटन आकर्षण में बदला जा सकता है। उन्होंने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना का उल्लेख करते हुए पर्यटकों के प्रति आतिथ्य और सार्थक जुड़ाव के महत्व पर भी जोर दिया।
उमरांग्सो की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए मंत्री ने स्थानीय लोगों से अपने होमस्टे को ऑनलाइन पंजीकृत कराने और नए होमस्टे शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समुदाय आधारित पर्यटन स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर पैदा करने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर सकता है।
कार्यक्रम में डिमा हसाओ स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य देबोलाल गार्लोसा, हाफलोंग की विधायिका रुपाली लांगथासा, पर्यटन विभाग के आयुक्त एवं सचिव दिगंत बोरा, पर्यटन निदेशक रनोज कुमार बरकटकी, असम पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष ऋतुपर्ण बोरा सहित पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, डिमा हसाओ पर्यटन के अधिकारी और स्वायत्त परिषद के प्रतिनिधि मौजूद थे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

