home page

राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस देश को अस्थिर करने की साजिश में जुटी: दिलीप सैकिया

 | 
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस देश को अस्थिर करने की साजिश में जुटी: दिलीप सैकिया


गुवाहाटी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस और विपक्षी दलों का इंडी गठबंधन भारत को अस्थिर करने की गहरी साजिश में जुटा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सहित गठबंधन के राजनीतिक दल संसदीय लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।

सोमवार को गुवाहाटी स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सैकिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विदेशी ताकतों के सहयोग से आंदोलन के नाम पर देश में अराजकता फैलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के लोकतांत्रिक संस्थानों को कमजोर करने के लिए विभिन्न गतिविधियों में शामिल है। भाजपा ने कांग्रेस की कथित राष्ट्रविरोधी गतिविधियों की कड़ी निंदा की।

सैकिया ने चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए शुरू की गई विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (एसआईआर) का विरोध करने पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस प्रक्रिया का विरोध कर कथित तौर पर विदेशी नागरिकों के मताधिकार को सुरक्षित रखने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने पर कांग्रेस सब कुछ ठीक मानती है, लेकिन हारने पर लोकतांत्रिक संस्थानों और चुनावी प्रक्रियाओं पर सवाल उठाती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की कथित गतिविधियों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 13 से 31 अक्टूबर तक राज्य के सभी जिलों में जनजागरण जुलूस निकाले जाएंगे। शारदीय नवरात्र को ध्यान में रखते हुए पहले चरण में सात स्थानों पर बड़े जुलूस आयोजित किए जाएंगे। इनमें नलबाड़ी, गुवाहाटी, सिलचर, तेजपुर, बरपेटा, जोरहाट और डिब्रूगढ़ शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनता को कांग्रेस की कथित संविधान विरोधी गतिविधियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

सैकिया ने कांग्रेस की चुनावी स्थिति पर टिप्पणी करते हुए तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, त्रिपुरा, उड़ीसा, नगालैंड और असम में पार्टी की चुनावी पराजयों का उल्लेख किया। उन्होंने सवाल किया कि इन राज्यों में कांग्रेस की लगातार चुनावी हार के लिए क्या एसआईआर जिम्मेदार है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने कांग्रेस को पहले ही नकार दिया है और पार्टी का राजनीतिक भविष्य संकट में है।

संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अमिय कुमार भुइयां, प्रदेश महासचिव दिलीप रंजन शर्मा और अनूप बर्मन तथा मीडिया विभाग के संयोजक रूपम गोस्वामी भी मौजूद रहे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रस्तावित जनजागरण जुलूसों का उद्देश्य लोकतांत्रिक संस्थानों को मजबूत करने और देश विरोधी गतिविधियों के खिलाफ जनसमर्थन जुटाना है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश