home page

डिगबोई में जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत

 | 
डिगबोई में जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत


तिनसुकिया, 25 नवंबर (हि.स.)। तिनसुकिया जिले के डिगबोई थाना क्षेत्र के गड़बस्ती और औगुरी मार्ग स्थित धान के खेत में जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान औगुरी गांव निवासी सुरेश बिंजुवार (37) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात सुरेश धान के खेत में बने एक अस्थायी मचाननुमा घर में रहकर खेत की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

डिगबोई के गड़बस्ती और औगुरी इलाके में पहले भी हाथी-मानव संघर्ष की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। क्षेत्र में सौर ऊर्जा संचालित विद्युत बाड़ और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार को सरकार, प्रशासन और वन विभाग की ओर से उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही, हाथी-मानव संघर्ष की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावित इलाके में जल्द सौर ऊर्जा संचालित विद्युत बाड़ लगाने और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने की अपील की है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश