home page

अवैध हथियार के साथ दो व्यक्ति गिरफ्तार

 | 

डिब्रूगढ़ (असम), 21 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गापूजा की नवमी (मंगलवार) की मध्यरात्रि मरियानी के नागाधूल में अवैध हथियार बरामद होने की घटना को लेकर इलाके में सनसनी फैल गई। इस मामले में दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि बीती रात लगभग रात 12 बजे एक एसयूवी वाहन (एएश-03एजी-7617) से एक .33 पिस्टल बरामद हुई। शिकायत के अनुसार, एसयूवी वाहन ने एक यात्री वाहन को टक्कर मारने के बाद भागने की कोशिश की। पूजा देखकर घर लौट रहे लोगों ने जब वाहन को रोकने की कोशिश की, तो वाहन में मौजूद दो लोगों ने पिस्तौल निकालकर लोगों को गोली मारने की धमकी दी। पिस्तौल को देखते ही इलाके में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दोनों व्यक्ति की पहचान मरियानी नक्सारी निवासी दीपांकर बरचेतिया और संतोष दे के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि घटना के समय दोनों अत्यधिक शराब के नशे में थे। घटना की जांच मरियानी पुलिस द्वारा की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय