डिब्रूगढ़ में गैस पाइपलाइन में भीषण आग: दो कर्मचारियों की मौत, पांच गंभीर
डिब्रूगढ़ (असम), 07 नवंबर (हि.स.)। असम के डिब्रूगढ़ जिले के टेंगाखाट में आईटीएफ गैस पाइपलाइन में लगी भीषण आग की घटना में दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को हुए इस हादसे में राजू दत्ता नामक कर्मचारी की आग में झुलसकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल तपस गोगोई ने शनिवार तड़के करीब तीन बजे अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के समय पाइपलाइन पर कुल नौ कर्मचारी काम कर रहे थे। इनमें से दो कर्मचारी आग की चपेट से सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे में अब तक दो कर्मचारियों की मौत की पुष्टि हुई है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

