असम: धुबड़ी में बाल विवाह के खिलाफ पुलिस की सख्ती, दूल्हे और अभिभावक भी गिरफ्तार
धुबड़ी (असम), 27 अक्टूबर (हि.स.)। असम में बाल विवाह के खिलाफ जारी अभियान के तहत धुबड़ी जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में कुल 64 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में बाल विवाह कराने और इसमें सहयोग करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का संकेत मिला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धुबड़ी सदर पुलिस थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में चलाए गए अभियान के दौरान बाल विवाह से जुड़े मामलों में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों में विवाह में शामिल दूल्हों के साथ-साथ इस गैरकानूनी गतिविधि में कथित रूप से सहयोग करने वाले नाबालिगों के अभिभावक भी शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिले के धुबड़ी, गौरीपुर, गोलकगंज, आगमनी, सापटग्राम, बिलासीपाड़ा, चापर और फकीरगंज पुलिस थानों में दर्ज बाल विवाह के विभिन्न मामलों के आधार पर ये गिरफ्तारियां की गई हैं।
पुलिस बाल विवाह पर रोक लगाने और इस गैरकानूनी प्रथा को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अभियान चला रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

