ढेकियाजुली सड़क हादसा: मृतकों की पहचान पूरी, एक की हालत गंभीर
शोणितपुर (असम), 23 मार्च (हि.स.)। असम के ढेकियाजुली के रबरतला में बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे के बाद प्रशासन ने मृतकों की पहचान पूरी कर ली है, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति का इलाज जारी है। इस हादसे में कुल आठ लोगों की मौत हुई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतकों की पहचान समीज नाथ, संध्यामनि नाथ, बिश्वेस नाथ, कुनाल कर्मकार, विजय हानसा, सुजिता गौड़ और हरि मादगीर के रूप में की गई है। इनमें से तीन लोग एक ही परिवार के बताए गए हैं, जिससे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
गंभीर रूप से घायल महेश माझी का उपचार तेजपुर मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
इधर, पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

