कांगपोकपी जिले का दौरा कर डीजीपी ने की सुरक्षा समीक्षा
कांगपोकपी (मणिपुर), 07 जून (हि.स.)। मणिपुर के नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मुकेश सिंह ने रविवार को कांगपोकपी जिले का पहला आधिकारिक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिले की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा पुलिस अधिकारियों, सीआरपीएफ कर्मियों और कुकी-जो समुदाय के विभिन्न नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कीं।
जातीय संघर्ष और सुरक्षा चुनौतियों से जूझ रहे कांगपोकपी जिले के मौजूदा हालात का प्रत्यक्ष आकलन करने के उद्देश्य से किए गए इस दौरे को राज्य पुलिस नेतृत्व की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कांगपोकपी स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने पर कुकी इंपी मणिपुर (केआईएम) के नेतृत्व में विभिन्न कुकी-जो संगठनों के प्रतिनिधियों ने डीजीपी का पारंपरिक शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
डीजीपी के साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) ल्हारी दोर्जी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के दौरान कुकी इंपी मणिपुर ने एक तीन पृष्ठीय ज्ञापन सौंपा, जिसमें मौजूदा संकट से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समुदाय की मांगों को रखा गया। ज्ञापन में नागरिकों की सुरक्षा, जनविश्वास की बहाली तथा कानून-व्यवस्था के निष्पक्ष क्रियान्वयन जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया गया।
इससे पहले डीजीपी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत सुरक्षा समीक्षा बैठक की। बैठक में एडीजीपी (प्रशिक्षण) लुनसिएह किपगेन, कांगपोकपी के पुलिस अधीक्षक राहुल गुप्ता तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में जिले की सुरक्षा स्थिति और पुलिस बल की परिचालन तैयारियों पर चर्चा की गई।
दौरे के दौरान मुकेश सिंह ने कांगपोकपी में तैनात सीआरपीएफ अधिकारियों से भी मुलाकात की। बैठक में राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों के बीच समन्वय, संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों तथा शांति एवं स्थिरता बनाए रखने की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया।
दौरे के अंत में कानून प्रवर्तन एजेंसियों और नागरिक संगठनों के बीच निरंतर संवाद और सहयोग बनाए रखने का आश्वासन दिया गया। विभिन्न पक्षों ने उम्मीद जताई कि बेहतर समन्वय और सतत वार्ता से जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी तथा सामान्य स्थिति बहाल करने में मदद मिलेगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

