असम के डीजीपी ने वार्षिक शिशु मित्र वार्तालाप में बच्चों से किया संवाद
गुवाहाटी, 16 नवंबर (हि.स.)। असम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हरमीत सिंह ने सोमवार को गुवाहाटी स्थित असम पुलिस मुख्यालय में आयोजित वार्षिक डीजीपी शिशु मित्र वार्तालाप कार्यक्रम के दौरान विभिन्न बाल गृहों के बच्चों के साथ संवाद किया।
इस दौरान डीजीपी ने बच्चों से बाल अधिकारों, उनके व्यक्तिगत अनुभवों, आकांक्षाओं और समस्याओं पर चर्चा की। कार्यक्रम ने बच्चों को अपनी बात खुलकर रखने और सीधे राज्य के पुलिस प्रमुख के साथ अपने विचार साझा करने का अवसर प्रदान किया।
बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने अपने विचार साझा करने के साथ कविताएं सुनाईं और गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा माहौल जीवंत और यादगार बन गया।
कार्यक्रम के बाद बच्चों को असम पुलिस मुख्यालय का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें डीजीपी के कार्यालय में जाने और उनकी कुर्सी पर बैठने का भी अवसर मिला। इससे बच्चों को राज्य पुलिस की कार्यप्रणाली और नेतृत्व को करीब से समझने का मौका मिला।
शिशु मित्र वार्तालाप का आयोजन असम पुलिस द्वारा बाल अधिकार सप्ताह समारोह के तहत प्रतिवर्ष किया जाता है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों और पुलिस के बीच संवाद को बढ़ावा देना तथा बाल-अनुकूल पुलिस व्यवस्था, विश्वास और आपसी समझ को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के समापन पर बच्चों के बीच उपहार वितरित किए गए। इसके बाद असम पुलिस संस्थान में उनके लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

