नगांव में विकास के पक्ष में हैं लोग, इस बार होगा एकतरफा मुकाबला: देवाशीष शर्मा
गुवाहाटी, 12 सितंबर (हि.स.)। भाजपा नीत गठबंधन के नगांव लोकसभा सीट से उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने दावा किया है कि नगांव के लोग विकास के पक्ष में हैं और इस बार चुनाव में एकतरफा मुकाबला देखने को मिलेगा। शर्मा ने कांग्रेस नेता रकीबुल हुसैन पर निशाना साधते हुए कहा कि नगांव के लोगों के साथ उनका संबंध आज का नहीं है, बल्कि पिछले 22-25 वर्षों से वह कैंसर रोगियों के इलाज और उनकी मदद से जुड़े रहे हैं।
शर्मा ने कहा कि वह लंबे समय से क्षेत्र के लोगों के बीच रहे हैं और उनकी जरूरतों तथा अपेक्षाओं को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने दावा किया कि एक समय विधानसभा के सदन में रकीबुल हुसैन ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किए जाने का प्रस्ताव रखा था। शर्मा ने कहा कि अब जब उन्होंने चुनाव लड़ने का फैसला किया है, तो वही रकीबुल हुसैन उन्हें बुरा बताने लगे हैं। उन्होंने इसे लेकर हुसैन पर कटाक्ष किया और कहा कि चुनावी राजनीति में आने के बाद उनके रुख में बदलाव स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

