home page

देवर्नव शर्मा कांग्रेस में शामिल, भूपेश बघेल और गौरव गोगोई रहे मौजूद

 | 
देवर्नव शर्मा कांग्रेस में शामिल, भूपेश बघेल और गौरव गोगोई रहे मौजूद


गुवाहाटी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। जाने-माने नीति शोधकर्ता, दिव्यांग अधिकार कार्यकर्ता और राजनीतिक विश्लेषक देवर्नव शर्मा मंगलवार को गुवाहाटी स्थित राजीव भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के प्रभारी भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद गौरव गोगोई की उपस्थिति में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने का उनका उद्देश्य असम के समावेशी और समग्र विकास में योगदान देना है।

इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सचिव एवं एपीसीसी के सह-प्रभारी मनोज चौहान और पृथ्वीराज साठे, सांसद रकीबुल हुसैन, कांग्रेस विधायक दल के नेता वाजेद अली चौधरी तथा पूर्व विधायक दल नेता देबब्रत सैकिया उपस्थित थे। एपीसीसी के महासचिव (प्रशासन) बिपुल गोगोई, महासचिव (संगठन) रमन्ना बरुवा और मीडिया विभाग के अध्यक्ष बेदब्रत बोरा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

उनके कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी की नीति निर्माण प्रक्रिया और शोध आधारित पहलों में उनके अनुभव का उपयोग किए जाने की उम्मीद है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश