निर्वाचन निधि घोटाले में पदोवनत सर्किल आफिसर से सीएम विजिलेंस की पूछताछ
गुवाहाटी, 30 मई, (हि.स.)। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए आवंटित सरकारी धन के कथित गबन के मामले में पदोवनत सर्किल आफिसर संगीता बरठाकुर से मुख्यमंत्री के विशेष सतर्कता प्रकोष्ठ (सीएम विजिलेंस) ने शनिवार को पूछताछ की।
आरोप है कि कामपुर में चक्र अधिकारी के रूप में कार्यरत रहने के दौरान संगीता बरठाकुर ने चुनावी कार्यों के लिए जारी सरकारी धन का दुरुपयोग किया था। यह राशि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के आयोजन हेतु उपलब्ध कराई गई थी।
मामले को लेकर वर्ष 2025 में एक पीड़ित ने कामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके आधार पर कामपुर थाना कांड संख्या 46/25 दर्ज किया गया। बाद में संगीता बरठाकुर को इस मामले में जमानत मिल गई थी।
हालांकि, मुख्यमंत्री के विशेष सतर्कता प्रकोष्ठ ने अब इस मामले की फाइल को पुनः खोलते हुए जांच तेज कर दी है। जांच के सिलसिले में बरठाकुर को शनिवार को रूपनगर स्थित विजिलेंस कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था।
विजिलेंस अधिकारियों ने उनसे कई घंटों तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद उन्हें जाने की अनुमति दे दी गई, लेकिन मामले की जांच जारी है और आगे भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इस कथित वित्तीय अनियमितता के कारण राज्य सरकार ने पहले ही संगीता बरठाकुर को पदोवनति कर निचले पद पर भेज दिया था। अब विजिलेंस की पुनः शुरू हुई जांच से मामले में नई जान आ गई है और जिम्मेदारियों के निर्धारण की दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

